Wednesday, April 8, 2009

क्लीन चिट देने के विरोध में पंजाब में कई जगह रेल यातायात बाधित

1984 के सिख दंगों से जुड़े एक मामले में आरोपी जगदीश टाइटलर को सीबीआई द्वारा क्लीन चिट देने के विरोध में सिखों के एक संगठन ने पंजाब में कई जगह रेल यातायात बाधित किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि संत समाज नामक संगठन के कार्यकर्ताओं ने लुधियाना के पास ज्ञासपुर गांव के पास रेल लाइन पर कब्जा कर लिया। कार्यकर्ताओं ने जालंधर में भी इसी तरह रेल लाइनों पर कब्जा किया। पंजाब जीआरपी के अधिकारियों के मुताबिक ये प्रदर्शन सुबह ग्यारह बजे से लगभग चार घंटे तक चला, लेकिन इस रूट पर ज्यादातर ट्रेनें सुबह या शाम को गुजरती हैं, इसलिए इस प्रदर्शन का ज्यादा असर नहीं हुआ। अधिकारियों ने बताया कि कुछ पैसिंजर ट्रेनों को एहतियातन रोक लिया गया था। इस प्रदर्शन से अमृतसर-दिल्ली शताब्दी, मालवा एक्सप्रेस और पश्चिम एक्सप्रेस प्रमुख रूप से प्रभावित हुई। संत समाज के संयोजक बाबा हरनाम सिंह ने इस प्रदर्शन को पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सफल बताया।

हिंदुओं को बदनाम मत करो: ठाकरे पवार पर बरसे

शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने मालेगांव विस्फोट का संबंध हिंदू संगठनों से बताने के लिए राष्ट्रवादी कांग्रेस के प्रमुख शरद पवार की आलोचना की है । शिवसेना के मुखपत्र 'सामना' में छपे एक इंटरव्यू में ठाकरे ने कहा, 'आप मालेगांव विस्फोट का मुद्दा लगातार उठा रहे हैं और हिंदुओं को बदनाम कर रहे हैं। हिंदुओं को आपको वोट क्यों देना चाहिए?' ठाकरे ने कहा, 'आप ऐसा क्यों कह रहे हैं कि मालेगांव के बाद देश में कोई विस्फोट नहीं हुआ? क्या मालेगांव विस्फोट के बाद मुम्बई हमला नहीं हुआ?' ठाकरे ने पवार की कथित तौर पर इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जताई कि मालेगांव विस्फोट के आरोपियों प्रज्ञा सिंह ठाकुर एवं अन्य की गिरफ्तारी के बाद देश में कोई विस्फोट नहीं हुआ। ठाकरे ने दावा किया कि 'मराठी प्रधानमंत्री' का विचार उनका दिया हुआ है। उन्होंने कहा, 'पवार जब सेना के प्लेटफार्म पर आए तो हमने घोषणा की कि आप (पवार) दिल्ली संभालिए, हम महाराष्ट्र देखते हैं। इस प्रस्ताव में गलत क्या था? आज वे कांग्रेस के साथ हैं और तीसरे मोर्चे के साथ भी सहज दिख रहे हैं ।' ठाकरे ने कहा, 'उत्तरप्रदेश और बिहार के यादव 'हिंदी' के बैनर तले एक हो गए। लेकिन हम 'मराठी' के तौर पर ऐसा ही प्रयास करें तो हमें क्षेत्रीय उग्र राष्ट्रवादी कहा जाएगा।' ठाकरे की टिप्पणी से प्रतीत होता है कि शिवसेना ने पवार के प्रधानमंत्री पद की दावेदारी से खुद को अलग कर लिया है।

Tuesday, April 7, 2009

राजसमंद और उदयपुर में नकली पेट्रोल-डीजल

रसायनों में मिलावट कर नकली पेट्रोल-डीजल तैयार करने की शिकायत पर सोमवार सुबह राजसमंद और उदयपुर में दो पेट्रो रसायन फैक्ट्रियों पर एक साथ छापा मारा गया। दोनों स्थानों पर करीब दो लाख लीटर रसायन मिला, जिनके नमूने लेकर दस्तावेजों की जांच कार्रवाई देर रात तक जारी रही। एसओजी (विशेष कार्यवाही दल) को शिकायत मिली थी कि उदयपुर संभाग में दो स्थानों पर पेट्रोलियम उत्पाद बनाने की आड में रसायनों में मिलावट कर बडी मात्रा में नकली पेट्रोल व डीजल बनाया जा रहा है। इस पर जयपुर से आई दो एसओजी टीमों ने राजसमंद और उदयपुर स्थित फैक्ट्रियों पर छापे की कार्यवाही की। यहां मारे छापेराजसमंद में रिको औद्योगिक क्षेत्र स्थित धर्मराज पेट्रो केमिकल और उदयपुर गुडली औद्योगिक क्षेत्र में चामुण्डा पेट्रो केमिकल पर छापा मारा गया। गुडली से करीब एक दर्जन नमूने लिए गए। जांच में दोनों स्थानों से नकली पेट्रोल और डीजल बनाने के काम आने वाले रसायन की दो लाख लीटर मात्रा पाई गई। इस दौरान रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी व प्रवर्तन निरीक्षक के अलावा पेट्रोल कंपनी के अधिकारी भी साथ थे।

संतान की चाहत में बच्ची को आग लगा दी

संतान की चाहत में तंत्रक्रिया से इलाज के लिए पड़ोस की एक डेढ़ साल की बच्ची पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की घटना सामने आई है। मासूम को चिंताजनक हालात में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुजफ्फरनगर के थाना रामराज इलाके के टिकोला गांव में यह घटना घटी। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम बच्ची को बलि देने के इरादे से आग लगा दी गई। टिकोला के सत्यप्रकाश और गीता अपनी बच्ची को छोड़ कर घर से बाहर पानी लेने गए थे। इसी बीच पड़ोस के कुछ लोगों ने बच्ची बबली पर तेल छिड़क कर आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि पड़ोस की महिला की लड़की के कोई संतान नहीं है। संतान प्राप्ति के लिये तांत्रिक ने उसे ऐसा करने की सलाह दी थी। हादसे के बाद से आरोपी महिला और उसके परिवारवाले फरार हैं।

दस शादियां और दस तलाक

18 साल में दस शादियां और दस तलाक। उम्र महज 32 साल। जी हां, मुंबई की महिला कौसर बेगम की ज़िंदगी की कहानी कुछ इन्हीं लफ्जों में बयां की जा सकती है। मुंबई की सायन थाने की पुलिस ने बेंगलुरु की इस महिला को गिरफ्तार किया है। कौसर पर इल्जाम है कि उसने दस शादियां कीं और दस पतियों को तलाक देने के साथ-साथ सभी को पैसों के लिए धमकाया और वसूली भी की। कौसर के पिता-इकबाल पाशा और मां-गुलनाज के बारे में भी पुलिस कह रही है कि वह कौसर के कारनामों में साथ देते थे। इस पूरे मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब मुंबई के एक 35 साल के कारोबारी सैय्यद अहमद ने सायन थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी पत्नी और उसके माता-पिता पिछले दो सालों से उसको ब्लैकमेल कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि कौसर बेगम अपने माता-पिता के साथ बड़े होटेलों में जाती थी और वहां उसकी नज़र मालदार कारोबारियों पर रहती थी। मौका ताड़कर वह उनसे दोस्ती गांठती थी और आनन-फानन में शादी का प्रस्ताव दे डालती थी। शादी के बाद बहुत जल्द ही वह कारोबारी के घर से नकदी और जेवर गहने लेकर रफूचक्कर हो जाती थी। कौसर इसके साथ ही पति पर दहेज का आरोप लगाकर मुकदमा करवा देती थी। nbt

Sunday, April 5, 2009

सडक पर पशु आवारा छोडे तो बिजली पानी कनेक्शन कट

अगर किसी भी पशु मालिक के पास शहरी इलाकों में बिना लाइसंस के एक भी जानवर पाया गया तो उसका बिजली और पानी का कनेक्शन काट दिया जाएगा। अपने घर में जानवरों को रखने के लिए अब पशु मालिक को लाइसंस लेना जरूरी होगा। एमसीडी जल्द ही इस प्रस्ताव पर मुहर लगाने वाली है। दिल्ली के उपराज्यपाल की अध्यक्षता में हुई मीटिंग में इस मामले पर चर्चा हो चुकी है। इस प्रस्ताव को एमसीडी की स्थायी समिति की बैठक में लाया जाएगा। एमसीडी द्वारा हाल ही में एम. एस. इंटरनैशनल से कराए गए एक सर्वे के मुताबिक राजधानी की सड़कों पर अब भी 17,205 आवारा जानवर घूम रहे हैं। इन्हीं आवारा जानवरों के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। एमसीडी कमिश्नर के. एस. मेहरा के मुताबिक, राजधानी में आवारा पशुओं पर लगाम लगाने के लिए एमसीडी पहले से ही उनमें माइक्रो चिप लगाने का अभियान चला रही है। चिप से पता चल जाएगा कि पशु किसका है। अगर यह पशु सड़क पर घूमता पकड़ा जाता है तो पहली बार उसे 5,000 रुपये का जुर्माना देना होगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर 10 ,000 रुपये और तीसरी बार पकड़े जाने पर 15,000 रुपये जुर्माना भरना होगा। ग्रामीण इलाकों को छोड़कर सभी लोगों को को पशु रखने का लाइसंस लेना होगा। फिलहाल पशु मालिक गायों का दूध निकालकर उन्हें सड़क पर छोड़ देते हैं। यही कारण है कि एक्सिडंट की घटनाएं बढ़ रही हैं। पांच साल पहले किए गए सर्वे के मुताबिक राजधानी में 35,000 आवारा पशु थे। एमसीडी इन 5 सालों में एक लाख आवारा पशुओं का दावा कर रही है। एमसीडी जितने पशु पकड़ती है, वे या तो अपने मालिकों के पास पहुंच जाते हैं या फिर लोग अन्य राज्यों से पशुओं को दिल्ली में ले आते हैं। जहां तक घोघा डेरी में राजधानी की डेरियों को शिफ्ट करने का मामला है तो अभी तक एक भी डेरी घोघा में शिफ्ट नहीं हुई है। एमसीडी के अधिकारियों के मुताबिक पशु पकड़ने की राह में नेता और लोगों का विरोध भी उन्हें झेलना पड़ता है। यही कारण है कि अब तक इस मामले में 17 मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं, जिनमें 4 मामले खुद निगम पार्षदों के खिलाफ हैं। NBT

रिजल्ट लेने स्कूल जा रही छात्रा के साथ रेप

पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रहने वाली 13 साल की छात्रा के साथ रेप का मामला सामने आया है। पुलिस छात्रा के बयान पर आरोपी की तलाश में जुट गई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता 1 अप्रैल को अपना छठी का रिजल्ट लेने स्कूल जा रही थी। उसके पड़ोस में रहने वाले विकास (26) ने उसे अपने ऑटो से छोड़ने के लिए कहा। आरोप है कि विकास ने उसी दिन उसके साथ रेप किया। उसने छात्रा को जुबान बंद रखने की धमकी भी दी। शुक्रवार शाम छात्रा ने अपने घरवालों को पूरी बात बताई, जिस पर उन्होंने पुलिस को खबर की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।