Monday, September 21, 2009

दवा कंपनी की मैनेजर से रेप, डॉक्टर फरार

पूर्वी दिल्ली में एक दवा कंपनी की सेल्स मैनेजर के साथ डॉक्टर द्वारा रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मेडिकल जांच में रेप की पुष्टि होने के बाद मयूर विहार पुलिस ने आरोपी डॉक्टर एस. के. आजाद के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय महिला अपने पति के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में रहती है। वह किसी दवा कंपनी में सेल्स मैनेजर के पद पर है। रविवार सुबह महिला का ब्लडप्रेशर लो था। महिला का पति उसे पड़ोस में रहने वाले डॉक्टर एस. के. आजाद की क्लिनिक लेकर गए। डॉक्टर ने महिला की जांच आदि करने के बाद कहा कि ब्लडप्रेशर ज्यादा लो है इसलिए इन्हें ग्लूकोज चढ़ना पड़ेगा। महिला के पति ने ग्लूकोज चढ़ाने की इजाजत दे दी। कुछ देर बाद महिला के पति घर खाना खाने चले गए। करीब एक घंटे बाद वह वापस आए तो उसने देखा कि डॉक्टर उसकी पत्नी के साथ रेप कर रहा है।
डॉक्टर ने महिला के पति को जान से मारने की धमकी देकर जबान बंद रखने की हिदायत दी। इस पर महिला के पति ने 100 नंबर पर कॉल कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही डॉक्टर क्लिनिक से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़ित महिला का मेडिकल कराया। रिपोर्ट में उसके साथ हुए रेप की पुष्टि हो गई। पुलिस ने महिला के बयान पर डॉक्टर के खिलाफ रेप सहित अन्य कई धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डॉक्टर की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।