Monday, December 8, 2008

कंधार विमान अपहरण काण्ड का मुख्य आरोपी अजहर मसूद पाकिस्तान में नजरबंद

पाक सरकार ने जैश-ए-मोहम्मद के चीफ मसूद अज़हर को बहावलपुर के उसके घर में नजरबंद कर दिया है। पाकिस्तानी अखबार 'द न्यूज़' ने यह दावा किया है, हालांकि पाक सरकार ने अभी इसकी तस्दीक नहीं की है। गौरतलब है कि अजहर कंधार विमान अपहरण कांड का मुख्य आरोपी है। उसे यात्रियों के बदले छोड़ दिया गया था।
अमेरिका पर हुए हमले के बाद भी अजहर को नजरबंद कर दिया गया था। बाद में लाहौर हाई कोर्ट ने उसे रिहा कर दिया था। गौरतलब है कि मुंबई पर हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और अमेरिका सहित दुनिया भर के देशों का पाकिस्तान पर वहां पनाह पाए आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई का भारी दबाव है।
इसी के चलते पाकिस्तान आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैबा के खिलाफ कार्रवाई करने पर मजबूर हुआ। मुंबई टेरर अटैक के पीछे लश्कर का हाथ होने के ठोस सबूत मिले थे। पाकिस्तानी आर्मी ने पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में लश्कर और इसके फ्रंट ऑर्गनाइजेशन जमात-उद-दावा के खिलाफ गुप्त कार्रवाई करते हुए इसके कई सदस्यों को गिरफ्तार किया था।