Wednesday, April 22, 2009

संवेदनहीनता ने खून कर दिया रिश्तो का

लोगों की संवेदनशीलता गुम होती जा रही है और लोग अपनों के प्रति भी बेरहम होते जा रहे हैं। मुंबई में एक शख्स द्वारा अपने विकलांग बेटे और अपनी बीवी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि 35 साल के संजीव कुमार श्रीवास्तव ने अपने तीन साल के विकलांग बेटे और बीवी की हत्या कर दी है। एफआईआर के मुताबिक मानसिक रूप से विकलांग होने की वजह से संजीव अपने बेटे रुषभ को पसंद नहीं करते थे और उसे अडॉप्शन के लिए छोड़ना चाहते थे, जबकि पत्नी रितु इसका विरोध करती थी। मुंबई के काशीमीरा पुलिस स्टेशन के एसआई अजय आल्फे के मुताबिक, आर।के। फाउंडेशन के ट्रस्टी संजीव श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया था कि वह 8 मार्च को डिनर से लौट रहे थे। अचानक वर्सोवा ब्रिज पर उनकी कार खराब हो गई। वह उतरकर गाड़ी चेक करने लगे और गाड़ी में पीछे बैठी उनकी पत्नी रितु भी बेटे रुषभ के साथ कार से उतर गई। देखते ही देखते रितु ने रुषभ के साथ पुल से नीचे छलांग लगा दी। संजीव ने कहा कि उन्होंने सहायता के लिए अवाज लगाई, पर कोई आदमी बचाने नहीं आया। पुलिस ने बताया कि संजीव के स्टेटमंट की जांच के बाद उसमें कई कमियां नज़र आईं। इसी बीच रितु के भाई पंकज भटनागर ने पुलिस में एफआईआर दायर संजीव पर आरोप लगाया कि उन्होंने ही रितु और रुषभ की हत्या की है। पंकज का कहना है कि रितु बार-बार उनसे कहती थी कि संजीव रुषभ को पंसद नहीं करते थे। पुलिस ने आईपीसी की धारा -302 के तहत संजीव को गिरफ्तार कर लिया है और वह 28 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस को संजीव की चारों बहनों पर भी शक है। वह उनलोगों की भूमिका के बारे में जांच कर रही है।