Monday, April 13, 2009

अमीर और गरीब प्रत्याशी

अश्विनी पाठक पेशे से इस वकील ने लोकतंत्र के लिए मिसाल पेश की है। मात्र 339 रुपये की संपत्ति के मालिक ने करोड़पतियों से लोहा लेने की ठानी है। उन्हें यह भी मालूम है कि महीने भर की कैंपेनिंग के बाद उनके लिए रोटी तक के लाले पड़ जाएंगे। जी हां, महानगरी मुंबई इस चुनाव में रेकॉर्ड पर रेकॉर्ड बना रही है। देश का सबसे अमीर कैंडिडेट (अब तक) मुंबई का है तो अब तक के सबसे गरीब कैंडिडेट पाठक भी यहीं से ही हैं! गोरखपुर में जन्मे पाठक मुंबई हाई कोर्ट में बरसों से प्रैक्टिस कर रहे हैं, लेकिन महीने में पांच हजार ही कमाते हैं। कहते हैं, सारा पैसा खुद को ढोने में खर्च हो जाता है। उनके पास न तो घर है, न ही फिक्स्ड डिपॉजिट। बैंक में 10 हजार 339 रुपये जमा थे। जमानत राशि के 10 हजार रुपये देने के बाद 339 रुपये बचे हैं। वह मुंबई सेंट्रल से राष्ट्रीय महाजन शक्ति दल के कैंडिडेट हैं। मुकाबला है कांग्रेस के लखपति एकनाथ गायकवाड़ और शिव सेना के करोड़पति सुरेश गंभीर से। पाठक को यकीन है कि उन्हें कम से कम एक लाख वोट मिलेंगे और वह चुनाव जीतेंगे। वह कहते हैं, 'वकील दोस्तों का पूरा समर्थन है। मैं लोगों को फ्री कानूनी सहायता देता था। मेरे सामाजिक कामों से भी जीतने में मदद मिलेगी। वैसे पाठक के पास न तो क्षेत्र के लिए कोई एजेंडा और न ही कैंपेनिंग के लिए पैसा। लेकिन वह गरीबी और भ्रष्टाचार हटाने की बात करते हैं। पैसे न होने की वजह से वह प्रचार एसएमएस से करेंगे। उनके दोस्त एसएमएस कर रहे हैं। लेकिन चुनाव के बाद के हालात पाठक को ज्यादा परेशान कर रहे हैं। अगर उन्होंने विजेता कैंडिडेट के मतों का 10 फीसदी हासिल नहीं किया तो जमानत राशि भी डूब जाएगी। कर्नाटक के बिडार से बीजेपी के प्रत्याशी गुरुपडप्पा नागामारापिल्लै नागारामापिल्लै पांच बार विधायक बन चुके हैं। इस दौरान वह चार बार मंत्री भी रहे। लोकसभा का टिकिट पाने के लिए वह हाल ही में कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए। उनकी कई फैक्ट्रियां है। बेलगाम में तो उनकी शुगर फैक्ट्री भी है। नागारामापिल्लै मोबाइल के खासे शौकीन हैं। उनके पास अमेरिका में बनवाया गया खास मोबाइल है। इसे सोने से बनवाया गया है। इसकी कीमत 15 लाख रुपये है। यही नहीं उनके पास रोलैक्स की डायमंड वॉच भी है। यह करीब 5 लाख रुपये की है। उनकी शानौशौकत का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि उनके कुर्ते के बटन भी सोने के हैं। और उनका बेडरूम... आप उसे शीशमहल कहेंगे। पूरे बेडरूम में शीशे लगे हुए हैं। जब नागारामापिल्लै से इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि उन्हें बचपन से ही इसका शौक है। उनके खिलाफ चुनाव लड़ रहे पूर्व मुख्यमंत्री धर्म सिंह कहते हैं कि वह एक शोमैन हैं और हमेशा यही पसंद करते रहे हैं।