Monday, April 13, 2009

पंचायत ने कर दिया दूध का दूध

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बलात्कार के बाद गर्भवती हुई एक लड़की की शादी पंचायत के आदेश पर बलात्कारी से ही करा दी गई। मथुरा गांव में पंचायत ने बलात्कार पीड़िता एक 20 वर्षीय गर्भवती युवती को बलात्कारी से शादी करने का फरमान सुनाया। इसके बाद पिछले दिनों दोनों की शादी हो गई। पंचायत ने बलात्कारी को रिहा करते हुए पीड़िता को उसकी बीवी घोषित कर दिया। जिला पुलिस मुख्यालय पर मिली सूचना के आधार पर तीन दिन पहले मथुरा गांव की पंचायत के आदेश पर बलात्कार की शिकार विमला (परिवर्तित नाम) की शादी मुकेश (बदला हुआ नाम)के साथ कराई गई। इसके बाद छह महीने की गर्भवती युवती को आरोपी के साथ विदा कर दिया गया। जानकारी के अनुसार छह महीने पहले विमला बेहड़ा से अपनी बहन के पास मथुरा आई थी। वहां बहन के देवर ने उसके साथ बलात्कार किया। सीमा की बड़ी बहन ने मामले को रफा-दफा करने के मकसद से उसे वापस भेज दिया। विमला के छह माह के गर्भ की जानकारी जब उसके परिवार को लगी, तो मामला पंचायत तक पहुंचा। इसके बाद पंचों ने आरोपी को इस शर्त पर छोड़ना स्वीकार किया कि वह विमला से शादी कर ले। पंचों के दबाव के आगे दोनों पक्ष शादी के लिए राजी हो गए। इसके बाद 10 अप्रैल को दोनों की शादी करा दी गई।