Friday, June 5, 2009

मुंबई आतंकवादी हमलों के प्रमुख अभियुक्त है मदनी

गिरफ्तार किया गया पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद उमर मदनी मुंबई आतंकवादी हमलों के प्रमुख अभियुक्त और जमात उद दावा अध्यक्ष हाफिज मोहम्मद सईद का शीर्ष सहयोगी है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी। मदनी को दिल्ली पुलिस के ऐंटि टेररिस्ट स्पेशल सेल ने गुरुवार को दक्षिणी दिल्ली में कुतुब मीनार के पास गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया- मदनी हाफिज सईद का करीबी सहयोगी है और पिछले एक वर्ष से वह नेपाल से काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि मदनी वर्ष 2000 से सईद का करीबी सहयोगी है और वह लश्कर-ए-तैयबा संगठन के लिए कार्यकर्ताओं की भर्ती में शामिल था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने जमात-उद-दावा (जेयूडी) को लश्कर-ए-तैयबा का सहायक संगठन बताते हुए उसे प्रतिबंधित कर दिया है। सईद मुंबई पर आतंकवादी हमलों का प्रमुख अभियुक्त है और 6 माह की नजरबंदी के बाद उसे लाहौर हाई कोर्ट ने बुधवार को रिहा कर दिया था।