Monday, June 8, 2009

फ्रेंच महिला से छेड़छाड़ रेप करने की कोशिश

कानपुर के एक सरकारी अस्पताल में एक वार्ड बॉय ने एक फ्रेंच महिला से छेड़छाड़ की और रेप करने की कोशिश की। वार्ड बॉय को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ छेड़छाड़ और रेप के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। कानपुर के डीआईजी हरिराम शर्मा ने बताया कि 22 वर्षीय फ्रेंच स्टूडेंट हीथर अपने ब्रिटिश बॉयफ्रेंड जेम्स हॉकिन्स के साथ भारत घूमने आई हैं। वे दोनों 6 जून को ट्रेन से पटना जा रहे थे। पटना से उन्हें कोलकाता जाना था। मगर ट्रेन में कुछ खाने से उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। उन्हें कानपुर में रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया, फिर शनिवार को उन दोनों को सरकारी हैलट अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। डीआईजी ने बताया कि हीथर बेटस को शिनावर को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया। शाम को उन्होंने मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों से शिकायत की कि आईसीयू के एक वार्ड बॉय ने उसके साथ छेड़छाड़ की और रेप करने की कोशिश की। डाक्टरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने आईसीयू के सभी वार्ड बॉय को हीथर के सामने पेश किया लेकिन इस शिनाख्त परेड में एक वार्ड बॉय गायब था और जो पेश किए गए उसमें से किसी की पहचान हीथर ने नहीं की। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हीथर के साथ हुई इस घटना को पहले तो अस्पताल प्रशासन दबाता रहा लेकिन जब उन्होंने इसकी शिकायत फ्रांस के दूतावास में करने की धमकी दी तो अस्पताल के डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जब गायब वार्ड बॉय के बारे में पता किया तो मालूम हुआ कि वह नौबस्ता का रहने वाला रणवीर सिंह है। डीआईजी शर्मा ने बताया कि रणवीर सिंह को रविवार तड़के नौबस्ता के उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ छेड़छाड़ व रेप के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डॉक्टरों ने कहा कि दोनों विदेशी टूरिस्टों की हालत अब बेहतर है और जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।