Tuesday, June 30, 2009

दुलहन को नागवार गुजरा दूल्हे का बियर पीना

शादी की खुशी में दूल्हे का अपने दोस्तों के साथ बियर पीना दुलहन को इतना नागवार गुजरा कि उसने शादी करने से ही इनकार कर दिया। यहीं नहीं, बाद में विवाद होने पर दुलहन ने दूल्हे समेत वर पक्ष के चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। रविवार को लाजपत नगर में रहने वाले विनोद कुमार की बेटी की शादी शालीमार गार्डन में रहने वाले मनोज के साथ होनी थी। रविवार को देर शाम को बरात दुलहन के घर पहुंची थी। बरात देर से आने पर वर और वधू पक्ष में कहासुनी भी हुई थी। अलबत्ता बाद में मामला शांत हो गया। बताया गया है कि इधर विवाह की पारंपरिक रस्में निभाई जा रही थीं, उधर मनोज के कुछ दोस्त उसके पास आए और बियर पीने की जिद करने लगे। दोस्तों के दबाव डालने पर मनोज ने बियर पी ली। बताया गया है कि जैसे ही दुल्हन को दूल्हे के बियर पीने की सूचना मिली, वह तमतमाई हुई दूल्हे के पास पहुंची। पहले तो उसने मनोज को खूब खरी-खोटी सुनाई और फिर उसके साथ शादी करने से भी इनकार कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में तीखी नोकझोंक हुई। बाद में दुलहन की ओर से साहिबाबाद में मनोज, उसकी मां शारदा और दोनों भाइयों दीपक और रमेश के खिलाफ दहेज मांगने की शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।